रायपुर, 09 फरवरी 2026 (आरएनएस) नशे के अवैध कारोबार पर रायपुर पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए सूखे नशे के एक संगठित अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं सायबर) श्री स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट द्वारा मात्र 24 घंटे के भीतर चार अलग-अलग प्रकरणों में कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 60 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया के नेटवर्क से जुड़े दो सदस्य भी शामिल पाए गए हैं, जिनके कब्जे से करीब 4 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में महिला, पुरुष तथा विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं, जो लंबे समय से सुनियोजित तरीके से नशे की तस्करी में लिप्त थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी रायपुर के थाना उरला अंतर्गत किराये के मकान को अपना मुख्य ठिकाना बनाकर ओडिशा से गांजा मंगवाते थे और वहां से सोनभद्र, आगरा, नोएडा सहित उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों में सप्लाई करते थे। आरोपी पिछले एक माह से उरला में रहकर घर में गांजा डम्प कर मांग के अनुसार देश के विभिन्न हिस्सों में इसकी आपूर्ति कर रहे थे। गांजा परिवहन के लिए रेल मार्ग का उपयोग किया जाता था।
थाना उरला प्रकरण (अपराध क्रमांक 38/26)
बेन्द्री रोड नउवा तालाब के पास गांजा बिक्री की फिराक में पकड़े गए संदीप केसरवानी और राजेश यादव से पूछताछ के बाद उरला स्थित किराये के मकान पर रेड की गई, जहां से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इस प्रकरण में संदीप केसरवानी, राजेश यादव, अमन कुमार ठाकुर, चन्द्रिका उरांव, कोमल यादव तथा 02 विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया।
थाना सिविल लाईन प्रकरण (अपराध क्रमांक 77/26)
खजाना चौक के पास निर्माणाधीन भवन से गांजा बिक्री की तैयारी में खड़े शाहरूख खान एवं राहुल कुशवाह, दोनों निवासी आगरा (उ.प्र.), को गिरफ्तार कर 5.699 किलोग्राम गांजा एवं मोबाइल फोन जप्त किए गए।
थाना कोतवाली प्रकरण
ओसीएम चौक के पास दीवार किनारे गांजा बेचने की फिराक में ग्राहक तलाशते ऋषभ ताण्डी उर्फ रिक्की ताण्डी एवं सौरभ ताण्डी को लगभग 4 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया।
अन्य प्रकरण
तीन अन्य आरोपियों को गांजा के साथ गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों से बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर गहन पूछताछ जारी है तथा पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए प्रकरण में एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी। एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट, थाना उरला, सिविल लाईन एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


















