सरगुजा,11 फरवरी (आरएनएस)। प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर दिलाने के उद्देश्य से सरगुजा संभाग में दो दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 16 और 17 फरवरी 2026 को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, अम्बिकापुर में आयोजित होगा।
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगी। इसमें आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी, अलग-अलग ट्रेड में प्रशिक्षित युवा, तथा अन्य इच्छुक युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं।
आयोजकों के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले ऑनलाइन पंजीयन करना अनिवार्य है। इसके लिए उम्मीदवारों को राज्य सरकार के रोजगार पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। पंजीकरण के बाद चयनित अभ्यर्थियों को संभाग स्तरीय इस रोजगार मेले में तय तिथि पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, तकनीकी योग्यता से जुड़े दस्तावेज, पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर आएं, ताकि मौके पर ही साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी की जा सके। यह रोजगार मेला अम्बिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग के युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का बड़ा अवसर माना जा रहा है।
००००


















