पटना 09 Feb, (Rns)- बिहार विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान मंगलवार को उस समय माहौल गर्म हो गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी दलों के शोरगुल और नारेबाजी पर भड़क उठे। उन्होंने बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी की ओर इशार करते हुए कहा कि जो लड़की है, कुछ काम की है? नीतीश कुमार ने आगे कहा-इसके जब वो (लालू प्रसाद) हट गए तो इसी को बना दिया। इन लोगों ने कुछ काम नहीं किया।
दरअसल, सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्षी पार्षद लगातार नारेबाजी कर रहे थे, जिससे कार्यवाही बार-बार बाधित हो रही थी। इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी सीट से खड़े हो गए और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सदन में केवल हंगामा किया जा रहा है, जबकि काम की बात कोई नहीं कर रहा।
ई जो हल्ला कर रही है, क्या जानती है?
नीतीश अपनी जगह से खड़े हुए और विपक्षी एमएलसी को जमकर सुनाने लगे। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि तुम लोग कुछ काम किए हो। सिर्फ हल्ला करना जानते हो और यह तीन लोग जो महिला है वह हल्ला कर रही है, वह क्या जानती है? उन्होंने कहा कि 15 वर्षों के शासनकाल में विपक्ष ने बिहार को पीछे धकेल दिया, जबकि वर्तमान सरकार ने सत्ता में आने के बाद विकास के लिए व्यापक स्तर पर काम किया।
मुख्यमंत्री का दावा
नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी की तरफ इशारा करते हुए कहा -“ई जो लड़की (राबड़ी देवी) हैं, वह कुछ काम की है? इसके वो (पति-लालू प्रसाद) ज़ब हट गए तो इसी को बना दिया।” नीतीश कुमार ने कहा कि 15 साल में ई लोग कुछ नहीं किया। पहले कुछ था यहां। लेकिन जब हमलोग आए तो मिलकर कितना काम किए। ई लोग खाली हल्ला करता जानता है। कुछ काम 15 साल में किए हो क्या? कितना काम हमलोग को करना पड़ा। इस दौरान नीतीश कुमार काफी गुस्से में नजर आए।
मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी के बाद सदन में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया। विपक्षी दलों ने उनके बयान पर कड़ी आपत्ति जताई, जबकि सत्ता पक्ष के सदस्य मुख्यमंत्री के समर्थन में खड़े नजर आए। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित भी हुई।

