मुरैना 09 Feb, (Rns) । मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कैलारस क्षेत्र के एहरौली गांव स्थित चामड़ माता मंदिर में अचानक छत भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त मंदिर में प्रसाद लेने गईं 3 मासूम बच्चियों की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दंपति और तीन अन्य बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंदिर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के दौरान अचानक छत टूटकर नीचे गिर गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। मलबे में दबने से तीन बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल मुरैना में भर्ती कराया गया, जहां एक बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है।
फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक तौर पर मंदिर की पुरानी और जर्जर छत को हादसे की वजह माना जा रहा है।

