रेवाड़ी ,09 फरवरी (आरएनएस)। हरियाणा के रेवाड़ी में पैसे के लेनदेन को लेकर खून के रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज 50 हजार रुपयों के विवाद में एक भांजे ने अपने ही मामा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह विवाद कोविड लॉकडाउन के समय के एक पुराने लेनदेन से जुड़ा था। घटना के बाद आरोपी भांजा मौके से फरार हो गया, लेकिन उसका एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह परिवार को धमकियां देता नजर आ रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
मृतक की पहचान रेवाड़ी जिले के बव्वा गांव निवासी 44 वर्षीय परशुराम के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम की एक कंपनी में सुपरवाइजर थे। रविवार रात को परशुराम अपने परिवार के साथ बव्वा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वहीं उनका भांजा रोहित, जो गुरुग्राम के दखौरा का रहने वाला है, भी शादी में मौजूद था। शादी के बाद जब परशुराम अपने गांव स्थित पैतृक घर पहुंचे, तो रोहित अपने कुछ साथियों के साथ वहां आ धमका। दोनों के बीच पैसों को लेकर बहस शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान रोहित ने मामा को जोरदार धक्का दे दिया, जिससे उनका सिर सीढिय़ों पर जा टकराया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोविड के समय का था पुराना हिसाब
पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ कोरोना काल के दौरान हुआ एक ट्रांजेक्शन था। आरोपी रोहित का दावा है कि लॉकडाउन के समय उसने मामा परशुराम के खाते में 50 हजार रुपए जमा कराए थे। वहीं, मृतक के साले के मुताबिक, परशुराम का कहना था कि रोहित ने यह पैसा किसी सामान के बदले दिया था, इसलिए उधारी का कोई सवाल ही नहीं उठता। परशुराम लगातार देनदारी से इनकार कर रहे थे, लेकिन रोहित पैसे वापस मांग रहा था। इसी रंजिश के चलते शादी वाले घर में यह खूनी संघर्ष हुआ।
वीडियो में धमकी देता दिखा आरोपी, केस दर्ज
हत्या की इस वारदात के बाद एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी भांजा मामा के परिवार को खुलेआम धमकियां देता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद से आरोपी अपने साथियों के साथ फरार है। मामले में कोसली पुलिस ने मृतक परशुराम की पत्नी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भांजे रोहित और उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

