उखरुल 09 Feb, (rns )। पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर के उखरुल जिले में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। मामूली विवाद के बाद भड़की इस हिंसा में अब तक 21 घरों को आग के हवाले कर दिया गया है। हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जिसके चलते कई ग्रामीण अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सोमवार दोपहर लिटन सरेखोंग गांव में कथित तौर पर हथियारबंद लोगों ने कई घरों में आग लगा दी और हवा में गोलियां चलाईं। हालात बिगड़ते देख ग्रामीण जरूरी सामान लेकर पड़ोसी जिला कांगपोकपी के सुरक्षित इलाकों में चले गए। हिंसा के चलते तांगखुल समुदाय के कई लोगों ने भी अपने घर छोड़ दिए हैं।
बताया गया है कि इस हिंसा की शुरुआत शनिवार रात हुई थी, जब लिटन गांव में सात-आठ लोगों ने तांगखुल नागा समुदाय के एक व्यक्ति पर हमला किया था। हालांकि, उस समय पीड़ित पक्ष और गांव के मुखिया के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया था। रविवार को इस मुद्दे पर बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन वह नहीं हो सकी, जिसके बाद तनाव फिर भड़क उठा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री खुद हालात पर नजर बनाए हुए हैं और शांति बहाली के प्रयासों में जुटे हैं। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

