रायपुर, 09 फरवरी 2026 (आरएनएस) शहर की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं सायबर), कमिश्नरेट रायपुर द्वारा सिविल लाईन स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में रायपुर के होटल, बार, क्लब, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में होटल व रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त गौरव मंडल एवं अनुज कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त संजय सिंह, निरीक्षक सचिन सिंह, उप निरीक्षक अतुलेश राय सहित शहरभर के 300 से अधिक होटल, बार, क्लब, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होटल और रेस्टोरेंट न केवल व्यवसायिक प्रतिष्ठान हैं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा से भी सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए संचालकों को 26 बिंदुओं में कड़े और स्पष्ट निर्देश दिए गए।
पुलिस ने सभी संचालकों को अपने संस्थानों में कार्यरत समस्त स्टाफ का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने, उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे सड़क की दोनों दिशाओं, पार्किंग और आउटर एरिया को कवर करते हुए लगाने तथा कम से कम 30 दिन का बैकअप सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। ग्राहकों का पूरा विवरण, मोबाइल नंबर का तत्काल सत्यापन, फोटो, आगमन का माध्यम और वाहन नंबर दर्ज करना अनिवार्य बताया गया। मास्क पहनकर आने वाले ग्राहकों का भी मास्क खुलवाकर फोटो लेने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि एक ही कमरे में पार्टी बुकिंग, अवैध शराब पिलाने, पार्किंग में शराब सेवन, नाबालिगों के प्रवेश, नारकोटिक्स व अन्य मादक पदार्थों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। रात्रि 10 बजे के बाद डीजे पर रोक और रात्रि 12 बजे के बाद सभी संस्थानों को अनिवार्य रूप से बंद करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद किसी भी प्रकार की पार्टी आयोजित नहीं की जाएगी और किसी भी आयोजन के लिए पूर्व अनुमति लेना जरूरी होगा।
विदेशी नागरिकों के ठहरने पर फॉर्म-सी भरवाना, स्पेशल इवेंट के लिए एफएल-5 लाइसेंस लेना, फायर सेफ्टी सिस्टम को दुरुस्त रखना, क्षमता के अनुसार ही पास जारी करना और यातायात व्यवस्था बाधित न हो इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए। ड्रग्स, सिंथेटिक व सूखे नशे पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के साथ ही युवा पार्टियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

बैठक में होटल व रेस्टोरेंट संचालकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी रखे, जिन्हें पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से सुना। कई मुद्दों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष विषयों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। अंत में पुलिस ने सभी संचालकों से निर्देशों का अक्षरशः पालन करने, किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने और पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।


















