*2026 टी20 वर्ल्ड कप में भारत से खेलने को पाकिस्तान तैयार, ICC मीटिंग के बाद बदला रुख
नई दिल्ली।
पाकिस्तान ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ खेलने को लेकर अपना रुख बदल लिया है। लाहौर में हुई अहम बैठक के बाद पाकिस्तान इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले के लिए राजी हो गया है। तय शेड्यूल के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला 15 फरवरी 2026 को कोलंबो में खेला जाना है।
सूत्रों के मुताबिक, लाहौर में हुई इस बैठक में पाकिस्तान और बांग्लादेश ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के सामने कई मांगें रखीं, जिनमें से कुछ को स्वीकार कर लिया गया है। इसी के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने पर सहमति जताई।
बैठक में बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर किए जाने के बाद मुआवजे की मांग की थी। इस पर ICC सहमत हो गया है। मुआवजे के तौर पर बांग्लादेश को अंडर-19 वर्ल्ड कप और महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप की मेजबानी दिए जाने की संभावना है।
वहीं पाकिस्तान ने ICC राजस्व में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग रखी थी। मौजूदा समय में पाकिस्तान की हिस्सेदारी करीब 5.75 प्रतिशत है, जो लगभग 34–35 मिलियन अमेरिकी डॉलर बताई जाती है। ICC ने इस मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
हालांकि, पाकिस्तान की ओर से भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज दोबारा शुरू करने की मांग को ICC ने साफ तौर पर खारिज कर दिया। परिषद का कहना है कि किसी भी दो देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज करवाना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच 2012 के बाद कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है।
अब क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें 2026 टी20 वर्ल्ड कप पर टिकी हैं, जहां एक बार फिर भारत-पाकिस्तान की टक्कर देखने को मिल सकती है।

