चंडीगढ़ 10 Feb, (Rns)- पंजाब राज्य अनुसूचित जाति कमीशन द्वारा बैंड बाजे वाली टिप्पणी करने के मामले में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा को तलब कर लिया गया है। आयोग ने नोटिस भेजकर 11 फरवरी बाद दोपहर 3 बजे बाजवा को पेश होने के लिए कहा है। इस दाैरान आयोग ने एसएसएपी अमृतसर से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है। याद रहे कि लीडर ऑफ अपोज़िशन प्रताप सिंह बाजवा ने एक पॉलिटिकल रैली में कैबिनेट मिनिस्टर हरभजन सिंह ETO का ज़िक्र करते हुए एक कमेंट किया था, जिसे AAP ने दलित कम्युनिटी पर हमला बताया था।
उधर, आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के कैबिनेट मंत्रियों,विधायकों, चेयरमैन व कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग द्वारा मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बाजवा के आवास के बाहर ‘बैंड-बाजे’ के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ, उनकी पत्नी सुरेंदर कौर के साथ वित्त मंत्री हरपाल चीमा, सेहत मंत्री डॉ बलबीर, मोहिंदर भगत, डॉ रवजोत, विधायक शैरी कलसी, कुलजीत रंधावा, इंद्रवीर सिंह निज्जर, नीना मित्तल, लाभ सिंह उगोके, चेतन जोड़ेमाजरा, इंदरजीत कौर,चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट,सनी सिंह अहलूवालिया समेत सैकड़ों नेता व वर्कर मौजूद थे। इसके इलावा आप नेता जोबन रंधावा के नेतृत्व में कादियां (गुरदासपुर) में भी प्रताप बाजवा के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
बाजवा को निशाना साधते हुए कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि मेहनत की कमाई का मजाक उड़ाना शर्मनाक है। किसी के पिता द्वारा ईमानदारी से किए गए काम का मजाक उड़ाना और पूरी कम्युनिटी को नीचा दिखाना, इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मेरे पिता एक ‘बैंड मास्टर’ थे, उन्होंने कड़ी मेहनत से हमें पढ़ाया। मैं सरकारी स्कूल में पढ़कर और अपनी काबिलियत के दम पर यहाँ पहुँचा हूँ।

