हापुड़ 10 Feb, (Rns)- जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मदन चौहान पर फॉर्च्यूनर सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव हिरणपुरा के पास की बताई जा रही है। गनीमत यह रही कि बदमाशों द्वारा पिस्टल का ट्रिगर दबाने के बावजूद गोली नहीं चली और एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, पूर्व मंत्री मदन चौहान गांव हिरणपुरा में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह गांव के समीप पहुंचे, तभी सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार में सवार तीन से चार युवकों ने उनकी गाड़ी को अचानक रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने मदन चौहान के साथ अभद्रता की और उन पर पिस्टल तान दी। पूर्व मंत्री ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन ट्रिगर दबने के बाद भी गोली नहीं चल सकी। इस दौरान साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी मौके से फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर फरार हो गए।
थाने में दी तहरीर, सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
घटना के बाद पूर्व मंत्री मदन चौहान ने थाना गढ़मुक्तेश्वर में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है। उल्लेखनीय है कि मदन चौहान पर पूर्व में भी खनन माफियाओं द्वारा हमला किया जा चुका है। वह तीन बार विधायक रह चुके हैं और सपा सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्तमान में वह भाजपा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच तेज
अपर पुलिस अधीक्षक हापुड़ विनीत भटनागर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव हिरणपुरा में एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री के साथ अभद्रता और हमले के प्रयास की सूचना मिली थी। उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मदन चौहान से मुलाकात कर उनका बयान दर्ज किया। एएसपी ने बताया कि पूर्व मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। उनकी तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

