जॉर्जिया ,10 फरवरी। अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक छोटा विमान आपात स्थिति में बीच सड़क पर उतर आया। सड़क पर लैंडिंग के बाद विमान कई वाहनों से टकरा गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, विमान में एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए पर्याप्त पावर नहीं बची थी, जिसके चलते पायलट को सड़क पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि विमान व्यस्त सड़क पर उतरते ही कई गाडिय़ों से टकरा जाता है। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
टक्कर से फ्यूल टैंक हुआ क्षतिग्रस्त
पुलिस के मुताबिक, लैंडिंग के दौरान विमान का दाहिना पंख एक कार से टकरा गया, जिससे विमान का फ्यूल टैंक ढीला होकर एक एसयूवी के पिछले हिस्से से जा टकराया और वाहन के भीतर घुस गया। हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से संबंधित सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। लोगों को ट्रैफिक में देरी की चेतावनी भी जारी की गई।
उड़ान के कुछ देर बाद आई तकनीकी खराबी
जानकारी के अनुसार, यह विमान गेन्सविले के ली गिल्मर मेमोरियल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर कैंटन स्थित चेरोकी काउंटी रीजनल एयरपोर्ट जा रहा था। उड़ान के कुछ समय बाद पायलट को इंजन में तकनीकी समस्या महसूस हुई। इसके बाद पायलट ने गेन्सविले एयरपोर्ट की ओर वापस लौटने का प्रयास किया, लेकिन विमान की पावर कम होने के कारण सड़क पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। फिलहाल संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और विमान में आई तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
00


















