लखनऊ ( आरएनएस ) 10 फरवरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान विधानसभा के सदस्य प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल का निधन 2 जनवरी 2026 को 60 वर्ष की आयु में हुआ। वे दूसरी बार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे और फरीदपुर (बरेली) से भारतीय जनता पार्टी के विधायक थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल मिलनसार और जमीन से जुड़े जनप्रतिनिधि थे तथा शिक्षा जगत से उनका गहरा जुड़ाव रहा। वे इतिहास संकलन समिति, बरेली के अध्यक्ष और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली की कार्यसमिति के सदस्य भी रहे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में बुनियादी विकास कार्यों को गति दी और पिछड़े, वंचित व गरीब वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया। शिक्षा जगत से जुड़े विद्वान जब जनप्रतिनिधि बनते हैं तो लोकतांत्रिक परंपराएं और अधिक सशक्त होती हैं। उनके निधन से प्रदेश और भारतीय जनता पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।मुख्यमंत्री ने वर्तमान विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य विजय सिंह गौड़ के निधन पर भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि समाजवादी पार्टी से विधायक विजय सिंह गौड़ का निधन 8 जनवरी 2026 को 71 वर्ष की आयु में हुआ। वे आठवीं बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। वर्ष 1980 से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर लंबा और संघर्षपूर्ण रहा। उन्होंने 1980, 1985, 1989, 1991, 1993, 1996 और 2002 में विधानसभा चुनाव जीते, जबकि वर्ष 2024 के उपचुनाव में दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। वे जनजातीय समाज की सशक्त आवाज के रूप में जाने जाते थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि विजय सिंह गौड़ ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों को सदैव प्राथमिकता दी। उनके निधन से न केवल जनजातीय समाज, बल्कि पूरे प्रदेश ने एक संघर्षशील समाजसेवी और अनुभवी राजनेता को खो दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों दिवंगत सदस्यों के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

