रांची (झारखंड) 10 Feb, (rns) : झारखंड की राजधानी रांची के सोनाहातू थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अवैध प्रेम संबंधों के शक में 25 वर्षीय युवक हरिहर महतो की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, इस हत्या को उसकी पूर्व प्रेमिका सुलोचना देवी और उसके पति छत्रपति ने मिलकर अंजाम दिया।
मृतक हरिहर महतो का शव कांची नदी के किनारे मिला, जबकि उसका सिर और अन्य अंग अलग स्थानों पर फेंके गए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। हरिहर अपने पीछे एक माह का बेटा छोड़ गया है, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना सोनाहातू थाना क्षेत्र के डोमाडीह गांव की है. मृतक की पहचान 25 वर्षीय हरिहर महतो के रूप में हुई है, जो 31 जनवरी की शाम से लापता था. परिजनों की तलाश के बीच, 8 फरवरी की शाम को कांची नदी के किनारे से पुलिस ने हरिहर का शव बरामद किया. शव की हालत इतनी भयावह थी कि देखने वालों की रूह कांप गई. हत्यारों ने पहचान छिपाने और प्रतिशोध लेने के उद्देश्य से सिर को काटकर अलग फेंक दिया था और प्राइवेट पार्ट को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था.
रांची में अवैध संबंधों के कारण होने वाली यह पहली घटना नहीं है. इससे कुछ दिन पहले ही (24 जनवरी को) डोरंडा थाना क्षेत्र के मणिटोला में तौकीर अंसारी ने अपनी पत्नी तरन्नुम परवीन की गोली मारकर हत्या कर दी थी.


















