सूरत 10 Feb, (rns) । गुजरात के सूरत शहर के लालगेट इलाके में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बंद अपार्टमेंट से पति-पत्नी और उनके 13 वर्षीय बेटे के शव बरामद किए गए। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में मौत का कारण गैस लीक और दम घुटना बताया है।
मृतकों की पहचान फैज अहमद (45), उनकी पत्नी मुबीना (36) और बेटे नोमान (13) के रूप में हुई है। पुलिस को सुबह करीब 11:30 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। अपार्टमेंट का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था और सभी खिड़कियां भी सील थीं।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राघव जैन ने बताया कि तीनों शवों के मुंह से झाग निकल रहा था। घर के कॉमन एरिया में एयर कंडीशनर और गीजर लगे हुए थे। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचने पर दम घुटने जैसी स्थिति महसूस की, जिससे गैस लीक की आशंका और मजबूत हो गई।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल किसी तरह की साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


















