मुंबई 10 Feb, (rns) । बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को एक धमकी भरा वॉइस नोट भेजे जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक अनजान शख्स ने व्हॉट्सएप के जरिए वॉइस मैसेज भेजकर अभिनेता से करोड़ों रुपये की मांग की है। इस घटना के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद रणवीर सिंह को यह धमकी मिली है। वॉइस नोट में आरोपी ने पैसे न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है।
मुंबई पुलिस ने रणवीर सिंह के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस की साइबर सेल और क्राइम ब्रांच वॉइस नोट की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमकी भेजने वाला शख्स देश में है या विदेश से मैसेज भेजा गया है।
गौरतलब है कि रणवीर सिंह इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर चर्चा में हैं, जो अगले महीने रिलीज होने वाली है। इस धमकी के बाद फिल्म इंडस्ट्री में भी चिंता का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।


















