साल 2011 में रिलीज फिल्म जिंदगी न मिलेगी दोबारा अपने सीक्वल को लेकर काफी समय से चर्चा में है। फिल्म निर्माता जोया अख्तर एक बार फिर अपनी पसंदीदा तिकड़ी ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल को पर्दे पर वापस लाने की तैयारी कर रही हैं। बताया जाता है कि उन्होंने बहुप्रतीक्षित सीक्वल का पहला ड्राफ्ट पूरा कर लिया है। इस खबर ने फैंस की खुशी को सांतवें आसमान पर पहुंचा गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सीक्वल में ऋतिक, फरहान और अभय के किरदार 40 की उम्र में दिखाए जाएंगे। एक सूत्र ने बताया, जोया ने आखिरकार ऐसा ड्राफ्ट तय कर लिया है जिससे वह संतुष्ट हैं। उनका हमेशा से यही कहना था कि जिंदगी ना मिलेगी दोबारा का सीक्वल तभी बनेगा जब उसमें कुछ नया कहने को होगा। यह पुरानी यादों को ताजा करने वाली फिल्म नहीं है; फिल्म बीते समय और तीनों पुरुषों की जिंदगी में आए बदलावों को दर्शाती है।
जिंदगी न मिलेगी दोबारा 2 पर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि मूल कलाकारों के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा, तीनों कलाकारों को वापस लाने का इरादा है, लेकिन यह सब तारीखों के तालमेल पर निर्भर करता है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो दहाड़ 2 की शूटिंग के बाद, सीक्वल पर इस साल के अंत तक काम शुरू हो जाएगा। अब देखना होगा कि निर्माता आधिकारिक ऐलान कब करते हैं।


















