बिलासपुर 11 फरवरी 2026(आरएनएस) राजस्व कॉलोनी से रामायण चौक जाने वाली सड़क की मरम्मत का काम शुरू होते ही लोगों को राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन यह राहत महज एक सप्ताह में ही ध्वस्त हो गई। लंबे समय से खराब हालत झेल रहे इस मार्ग पर डामरीकरण तो किया गया, परंतु सड़क के नीचे पहले से मैजूद पेयजल पाइपलाइन लीकेज को नजरअंदाज कर दिया गया। नतीजा यह हुआ कि नई बनी सड़क कुछ ही दिनों में धंस गई और बीच सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार सड़क के नीचे से काफी समय से पानी रिस रहा था। मोहल्लेवासी लगातार नगर निगम अधिकारियों को इसकी सूचना देते रहे, लेकिन लीकेज की मरम्मत किए बिना ही सड़क पर डामर बिछा दिया गया। पानी के कारण पहले से कमजोर हो चुकी मिट्टी नई सड़क का भार सहन नहीं कर सकी और जैसे ही यातायात बढ़ा, सड़क धंसने लगी। जब सड़क पर बना गड्ढा और उससे निकलता पानी लोगों की नजर में आया तो साफ हो गया कि समस्या सड़क निर्माण की गुणवत्ता से ज्यादा विभागीय लापरवाही का परिणाम है। स्थिति सामने आते ही ठेकेदार और नगर निगम के इंजीनियरों में हड़कंप मच गया।आनन-फानन में सड़क पर बेरींग कटिंग कर उसे फिर से खोदा गया, जिससे नई बनी सड़क दोबारा उधड़ गई और आम जनता की परेशानी और बढ़ गई। रामायण चौक शहर का व्यस्त मार्ग है, जहां दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क के बीच बने गड्ढे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि स्मार्ट सिटी के नाम पर किए जा रहे विकास कार्यों में यदि इस तरह की लापरवाही जारी रही तो जनता का भरोसा टूटना तय है। इस संबंध में महापौर से जानकारी लेने फोन लगाया गया पर उनहोने कॉल रिसीव नहीं किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

