गौरेला,11 फरवरी (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के गौरेला थाना क्षेत्र में पत्नी और साली पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद वह फरार हो गया था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शंकर अपनी पत्नी पूजा के साथ गौरेला में रहता था और एक शासकीय आवास के सामने स्थित सुलभ शौचालय में केयरटेकर का काम करता था। कुछ दिनों से उसकी साली काजल भी उनके घर आई हुई थी। बताया गया है कि आरोपी शराब का आदी है और घटना वाली रात भी नशे में था।
घरेलू विवाद के दौरान आरोपी ने गाड़ी से पेट्रोल निकालकर पत्नी पूजा और साली काजल पर छिड़क दिया और आग लगा दी। दोनों बहनों ने हिम्मत दिखाते हुए किचन में मौजूद पानी से आग बुझाई और झुलसी हालत में घर से बाहर निकलकर ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचीं। दोनों के हाथ और कंधे झुलसे हैं, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तलाश कर उसे पकड़ लिया। थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पीडि़त महिलाओं के बयान दर्ज होने के बाद मामले के कारणों और अन्य तथ्यों की विस्तृत जांच की जाएगी।
0


















