धार 11 Feb, (rns) । मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कुक्षी-मनावर रोड पर ग्राम लोहारी के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक कुक्षी के एक होटल में कार्यरत थे और आपस में गहरे दोस्त थे। मंगलवार रात वे बाइक से लोहारी गांव में एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में तेज गति से आ रहे ट्राले ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।


















