रायपुर,११ फरवरी (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में नशे की सामाग्री बेचने वालो के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने अब एक पुलिस कर्मी को ही गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस कर्मी प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) के अवैध विक्रय करते हुए पकड़ाया है। पुलिस ने आरोपी के पास से आठ हजार कीमत का एक ग्राम चिट्टा जब्त कर आरक्षक के खिलाफ थाना टिकरापारा में एनडीपीएस एक्ट की धारा २१ के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
बता दें कि पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेन्द्र नगर नवनीत पाटिल एवं सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक इशु अग्रवाल के नेतृत्व में थाना टिकरापारा एवं आजाद चौक की संयुक्त पुलिस टीम को दिनांक ११.०२.२०२६ को मुखबीर से सूचना मिली कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन क्रमांक सीजी ०४ पीडब्ल्यू १३७२ में बैठकर प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा विक्रय हेतु ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा मौके पर घेराबंदी कर बताए गए हुलिए के व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान आरक्षक हिमांशु बर्मन, पिता चैतुराम बर्मन, उम्र ३४ वर्ष, निवासी ग्राम कुण्डा जिला कबीरधाम, हाल पता जनता कॉलोनी पुलिस लाइन रायपुर के रूप में हुई, जिसके पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध थाना टिकरापारा में धारा २१ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में एंड टू एंड अग्रिम विवेचना जारी है तथा मादक पदार्थ के स्रोत से गंतव्य तक की कड़ी में गहन जांच कर अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
०००


















