कानपुर 12 Feb, (Rns): कानपुर के बहुचर्चित लेम्बोर्गिनी हिट एंड रन मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे और मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एसओजी की टीम ने उसे हिरासत में लिया है। वह पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था और अब थोड़ी ही देर में उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। यह हादसा 8 फरवरी की दोपहर वीआईपी रोड पर हुआ था, जहां तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी ने बुलेट और ऑटो को टक्कर मार दी थी, जिसमें चार लोग घायल हो गए थे।
ड्राइवर का सरेंडर प्लान फेल
इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पक्ष की ओर से कई कानूनी दांव-पेच खेले गए। पहले एक ड्राइवर मोहन एम की ओर से कोर्ट में सरेंडर अर्जी लगाई गई थी, जिसमें उसने दावा किया था कि वह स्थायी ड्राइवर है और घटना के वक्त वही कार चला रहा था। हालांकि, ग्वालटोली पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट कर दिया कि जांच में मोहन का नाम कहीं नहीं आया है। पुलिस की इस रिपोर्ट के आधार पर एसीजेएम कोर्ट ने ड्राइवर की सरेंडर अर्जी को खारिज कर दिया। वहीं, बचाव पक्ष के वकील धर्मेंद्र कुमार धर्मू ने कहा है कि वे इस फैसले के खिलाफ जिला जज की कोर्ट में रिवीजन दाखिल करेंगे, क्योंकि उनका कहना है कि ड्राइवर खुद गुनाह कबूल रहा है।
पुलिस ने कहा- शिवम ही था चालक
पुलिस की जांच में साफ तौर पर चालक के रूप में शिवम कुमार मिश्रा का नाम सामने आया है। शिवम की ओर से कार रिलीज करने के लिए भी अर्जी दी गई थी, जिसमें दावा किया गया था कि कार से कोई हादसा नहीं हुआ, बल्कि भीड़ ने शीशा तोड़ दिया था। लेकिन पुलिस ने कोर्ट को बताया कि वाहन संख्या डीएल 11 सीफ 4018 लेम्बोर्गिनी कार से ही अपराध कारित किया गया है। कोर्ट ने अब शिवम को कार से जुड़े सभी दस्तावेज जमा करने का आदेश दिया है और थाना प्रभारी को वाहन का परीक्षण कर 13 फरवरी तक रिपोर्ट सौंपने को कहा है। पुलिस ने शिवम को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस भी जारी किया था।
पीड़ित ने किया समझौता
इन सब के बीच मामले में एक नया मोड़ तब आया जब वादी मोहम्मद तौफीक ने कोर्ट में समझौता पत्र दाखिल कर दिया। चमनगंज के घोसियाना निवासी और पेशे से ई-रिक्शा चालक तौफीक ने कहा कि हादसे में उनके बाएं पैर में चोट आई थी। उन्होंने बताया कि उनका इलाज करा दिया गया है और अब उन्हें आरोपी पक्ष से कोई शिकायत नहीं है। वकील धर्मेंद्र सिंह धर्मू ने पुष्टि की है कि पीड़ित को इलाज का पैसा मिल गया है और वह संतुष्ट है। हालांकि, पुलिस कार्रवाई जारी है और शिवम को आज कोर्ट का सामना करना होगा।

