बिलासपुर 12 फरवरी 2026(आरएनएस) जंगल में शिकारी सक्रिय है। शिकारी अब इतने बेखौफ हो चले हैं कि वह जंगल में खुलेआम पिंजरा लगा करके जंगली जानवरों को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
लगाया था पिंजरा सूअर के लिए, फंस गया तेंदुआ
पाली रेंज अंतर्गत लाफा के जंगल में एक ग्रामीण ने जंगली सूअर पकड़ने के लिए तार का फंदा लगाया था। लेकिन, उसमें सूअर की जगह एक तेंदुआ फंस गया। तेंदुआ के फंसने की सूचना मिलते आसपास क्षेत्र में दहशत फैल गया। वन विभाग को जानकारी मिलने के बाद उन्होंने कानन पेंडारी की रेस्क्यू टीम से मदद मांगी।घटना की जानकारी मिलने के बाद वन अमले के साथ कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत, डा. चंदन रात लगभग 10 बजे घटनास्थल व पहुंचे। फंदे में फंसा तेंदुआ छटपटा रहा था, इसलिए पहले ट्रैंक्यूलाइजर गन से बेहोश करने का निर्णय लिया के बाद तेंदुए को फंदा से बाहर निकालने में सफलता मिली।
पिंजरे में घायल हुआ तेंदुआ
फंदे में फंसने की वजह से तेंदुआ के पेट व पिछले हिस्से में चोट थी। समय पर रेस्क्यू करने की वजह से तेंदुआ की जान तो बच गई। लेकिन, इस घटना के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि जंगल या वन्य प्राणी सुरक्षित नहीं है। शिकारी फंदा लगाकर वन्य प्राणियों की जान ले रहे हैं। इस पर कानन जू के वन्य प्राणी चिकित्सक डा. पीके चंदन दल के साथ मौके पर पहुंचे थे जहां तेंदुआ को सामान्य स्थिति में निकाल पाना मुश्किल था। इसलिए ट्रैक्यूलाइजर गन से बेहोश करने की अनुमति मांगी। पीसीसीएफ वन्य प्राणी से अनुमति मिलने के बाद सोमवार की रात एक बजे बेहोश किया और उसे फंदे से बाहर निकाला गया। उपचार के बाद तेंदुआ को जंगल में छोड़ दिया गया।
एटीआर की डागी नीतू की मदद से शिकारी तक पहुंची टीम
तेंदुआ, जिस फंदे में फंसा था,
दरअसल वह शिकारियों की करतूत थी। आरोपित को पकड़ने के लिए कटघोरा वनमंडल ने अचानकमार टाइगर रिजर्व के डाग स्क्वाड की मदद ली। टाइगर रिजर्व की डाग नीतू जांच के दौरान नगोई भाठा निवासी विजय कुमार गोंड (37) तक पहुंच गई। तलाशी के दौरान शिकार में प्रयुक्त तार, फंदे व अन्य सामग्री बरामद हुई। आरोपित ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह सूअर का मांस खाने की लालसा में फंदा लगाया था। लेकिन, उसमें तेंदुआ फंस गया। वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम की धारा 09, 51 व 52 के तहत प्रकरण दर्ज कर, आरोपित को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पाली के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर उप जेल कटघोरा भेज दिया गया है।

