रायगढ़ 12 Feb, (Rns) । खरसिया के मंगल कार्बन प्लांट में हुए भीषण विस्फोट ने एक ही परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। इस दर्दनाक हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। इलाज के दौरान 9 माह की मासूम बच्ची के बाद 11 फरवरी को तीन अन्य लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में पिता, पुत्र और मासूम बच्ची शामिल हैं, जिससे परिवार पर असहनीय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
परिजनों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने प्रत्येक मृतक के लिए ₹12–12 लाख मुआवजे की घोषणा की है, जो अपर्याप्त है। उनका कहना है कि प्रत्येक मृतक के बदले कम से कम ₹50–50 लाख मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी और उचित पुनर्वास पैकेज दिया जाए।
साथ ही, परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद प्लांट प्रबंधन द्वारा एफआईआर वापस लेने और बयान बदलने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
प्रशासन मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटा है।

