जयपुर ,12 फरवरी (आरएनएस)। राजधानी के सांगानेर इलाके में रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। हल्दीघाटी मार्ग पर एक तेज रफ्तार पिकअप ने साइकिल सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की बुधवार दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक जयपुर में रहकर गाडिय़ों की साफ-सफाई का काम करता था और हादसे के वक्त अपने काम पर ही जा रहा था। सुबह की शिफ्ट में काम पर जा रहा था इतवारी पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान इतवारी (45) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले का निवासी था। इतवारी अपनी पत्नी के साथ पिछले दो महीनों से जयपुर में रह रहा था। वह सुबह-सुबह सोसायटियों में गाडिय़ों की सफाई कर अपना गुजारा करता था। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे जब वह अपनी साइकिल से मेवाड़ अपार्टमेंट की ओर जा रहा था, तभी हल्दीघाटी मार्ग पर महाराणा प्रताप सर्किल की ओर से आई एक ओवरस्पीड पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर मारकर फरार हुआ ड्राइवर, डॉक्टर्स ने कहा ब्रेन डेड
हादसा इतना भीषण था कि पिकअप की टक्कर लगते ही इतवारी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद पिकअप ड्राइवर मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए उत्तर प्रदेश ले गए, लेकिन बुधवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
दुर्घटना थाना (पूर्व) पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार पिकअप और उसके चालक की पहचान की जा सके। इतवारी की मौत के बाद उसकी पत्नी और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

