*मास्टरमाइंड समेत पांच आरोपी गिरफ्तार*
राजगढ़ (मध्य प्रदेश) 12 Feb, (Rns) /- मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 21.510 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 21 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला माचलपुर थाना क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माचलपुर थाना पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने एक घर और खेत में दबिश दी। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद की गई। पुलिस ने मौके से गिरोह के मास्टरमाइंड सहित कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि यह गिरोह लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में सक्रिय था। जब पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर ले जा रही थी, उसी दौरान एक आरोपी ने कैमरा देखकर सैल्यूट किया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ड्रग्स की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है।
राजगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


















