रुद्रपुर,12 फरवरी (आरएनएस)। 25 जनवरी को प्रीत विहार, फाजलपुर महरौला में चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर करीब 69 हजार रुपये की नगदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपी तहरीर में प्रीत विहार, फाजलपुर महरौला निवासी शैलेश कुमार तिवारी ने बताया कि 25 जनवरी की दोपहर परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे। वह स्वयं भी किसी काम से घर में ताला लगाकर तीनपानी चले गए थे। शाम को वापस लौटने पर कमरे के गेट का ताला टूटा मिला। घर के दोनों कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से 20 हजार की नकदी, चांदी की पायल, सोने की चेन, मंगलसूत्र, कान के झुमके, सोने की अंगूठी समेत लाखों रुपये के जेवरात गायब थे। इसके अलावा लैपटॉप के बैग में रखे 49 हजार रुपये भी चोरी हो चुके थे। घटना के बाद जब पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो एक संदिग्ध युवक बाउंड्रीवॉल फांदकर घर में घुसता दिखाई दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

