हरिद्वार,12 फरवरी (आरएनएस)। परशुराम घाट पर श्री अखंड परशुराम अखाड़े के नेतृत्व में सवर्ण समाज के लोगों ने शंख और घंटी बजाकर यूजीसी कानून के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान आयोजित बैठक में कानून को वापस लेने की मांग उठाते हुए आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। निर्णय लिया गया कि 18 फरवरी की शाम को स्थानीय बैंकट हॉल से ऋषिकुल मैदान तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। वहीं, 22 फरवरी से विधायक और सांसदों का घेराव किया जाएगा। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष अधीर कौशिक ने कहा कि यूजीसी जैसा कानून घातक है। इससे समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व पार्षद कमलप्रीत शर्मा ने कहा कि विरोध के बावजूद सरकार कदम नहीं उठा रही है। कथावाचक पवन कृष्ण शास्त्री ने कानून को वापस लेने की मांग करते हुए लोगों से एकजुट होकर विरोध में शामिल होने और आठ मार्च को दिल्ली में प्रस्तावित महा आंदोलन में भागीदारी की अपील की। प्रदर्शन में अभिषेक भारद्वाज, पं. बालकृष्ण शास्त्री, कुलदीप कृष्ण चौहान, विनोद मिश्रा, संजय कृष्ण शास्त्री, अभिषेक नौटियाल, आदित्य जगूड़ी, सचिन पैन्यूली, कुलदीप शर्मा, वेंकटेश प्रसाद, बृजमोहन, रविकांत शर्मा, यशपाल शर्मा, संदीप मेहता, मुकेश जैन, चमन गिरी, संजू अग्रवाल और ऋषि शर्मा आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

