नईदिल्ली,13 फरवरी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने नए फंडिंग राउंड में 30 अरब डॉलर (लगभग 2,700 अरब रुपये) जुटाए हैं। इस बड़े निवेश के बाद कंपनी की मूल्यांकन बढ़कर 380 अरब डॉलर (लगभग 34,000 अरब रुपये) हो गई है, जो पहले के मुकाबले दोगुनी से भी ज्यादा बताई जा रही है। यह डील दिखाती है कि एआई सेक्टर में निवेशकों की दिलचस्पी लगातार तेजी से बढ़ रही है। इस फंडिंग राउंड में कई बड़े ग्लोबल निवेशकों ने हिस्सा लिया है।
कंपनी ने बताया कि उसका मौजूदा रन-रेट राजस्व 14 अरब डॉलर (लगभग 1,300 अरब रुपये) तक पहुंच गया है। केवल क्लॉड कोड से 2.5 अरब डॉलर (लगभग 220 अरब रुपये) से ज्यादा का रन-रेट राजस्व मिल रहा है। इस साल की शुरुआत से इसके बिजनेस सब्सक्रिप्शन चार गुना तक बढ़ चुके हैं। अब कंपनी की कुल कमाई का बड़ा हिस्सा एंटरप्राइज ग्राहकों से आ रहा है, जो अपने रोजमर्रा के काम के लिए एआई टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।
एंथ्रोपिक ने अपने क्लाउड चैटबॉट और खास तौर पर कोडिंग मॉडल क्लॉड के जरिए अलग पहचान बनाई है। कंपनी ने अपने एआई मॉडल की ट्रेनिंग में कोडिंग और टेक्निकल टास्क पर खास ध्यान दिया है, जिससे लोकप्रियता बढ़ी है। हाल ही में लॉन्च किए गए नए एआई प्लगइन्स के बाद ग्लोबल सॉफ्टवेयर शेयरों में भी हलचल देखी गई। निवेशक इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि एडवांस एआई मॉडल पारंपरिक सॉफ्टवेयर कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।
एंथ्रोपिक ने एआई रेगुलेशन को लेकर भी एक अलग और स्पष्ट रुख अपनाया है। अन्य टेक कंपनियां से उलट एंथ्रोपिक ने सख्त और जिम्मेदार नियमों के समर्थन की खुलकर बात कही है। कंपनी ने ऐसे अमेरिकी उम्मीदवारों को आर्थिक मदद देने की योजना बनाई है, जो एआई को जिम्मेदारी से रेगुलेट करना चाहते हैं। कंपनी का कहना है कि एआई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल सिर्फ मुनाफे के लिए नहीं, बल्कि समाज और आम लोगों के हित में होना चाहिए।
००


















