जालंधर ,13 फरवरी (आरएनएस)। पंजाब की मशहूर सूफी गायिका और ‘नूरां सिस्टर्सÓ फेम ज्योति नूरां एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका संगीत नहीं बल्कि जान का खतरा है। जालंधर की रहने वाली ज्योति नूरां से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी (फिरौती) मांगी गई है। इस बात का सनसनीखेज खुलासा खुद ज्योति के पति अभि ने मीडिया के सामने किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें गैंगस्टर संपत नेहरा के नाम से लगातार धमकियां मिल रही हैं और पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है।
घर पर फायरिंग से परिवार में खौफ
अभि ने बताया कि धमकियों का यह सिलसिला केवल फोन कॉल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब हमलावरों ने उनके घर को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। दो दिन पहले उनके घर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। परिवार को पूरा शक है कि यह हमला रंगदारी न देने की वजह से ही उन्हें डराने के लिए किया गया है। अभि के मुताबिक, फायरिंग की घटना से पहले भी उन्होंने घर के आसपास कुछ संदिग्ध लोगों को रेकी करते हुए और चक्कर लगाते हुए देखा था, जिससे उनका डर और बढ़ गया था। लगातार मिल रहे थ्रेट कॉल्स और अब घर पर हुए हमले के बाद पूरा परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है।
6 महीने से पुलिस के हाथ खाली, नहीं मिला सुराग
इस पूरे मामले में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ज्योति नूरां के पति ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए और रंगदारी की कॉल को लेकर करीब 6 महीने पहले ही पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। इतना लंबा समय बीत जाने के बावजूद पुलिस आज तक किसी भी आरोपी को ट्रेस नहीं कर पाई है और न ही धमकी देने वालों तक पहुंच सकी है। अभि ने बताया कि दो दिन पहले हुई गोलीबारी की घटना के बाद भी उन्होंने पुलिस को सूचित किया था। पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन खानापूर्ति करके चली गई। अधिकारियों ने सिर्फ इतना कहा कि वे मामले की जांच कर रहे हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कार्रवाई जमीन पर नहीं दिखी है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

