जालंधर ,13 फरवरी (आरएनएस)। हर के मशहूर मैरिटन होटल में आपसी रंजिश के चलते पार्टनरों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। होटल परिसर देखते ही देखते जंग का अखाड़ा बन गया, जहां न सिर्फ जमकर लात-घूंसे चले, बल्कि हाथापाई के दौरान एक पक्ष की पगड़ी भी उतर गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, होटल के मालिकों के बीच किसी पुराने मुद्दे को लेकर बहस शुरू हुई थी। यह बहस इतनी बढ़ गई कि नौबत मारपीट तक आ पहुंची। चश्मदीदों और सूत्रों के मुताबिक, एक पार्टनर ने दूसरे पार्टनर को जमीन पर गिरा दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हैरानी की बात यह रही कि इस मारपीट में मालिकों के साथ-साथ होटल का स्टाफ भी शामिल हो गया। धक्का-मुक्की और मारपीट के दौरान पीडि़त पार्टनर (मरवाहा) की पगड़ी सिर से उतर गई, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है। होटल के भीतर सरेआम हुई इस गुंडागर्दी से वहां मौजूद लोग सहम गए।
वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति को फर्श पर घसीटा जा रहा है। बाद में कुछ अन्य लोग बीच-बचाव करते और दोनों पक्षों को अलग करते नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद पीडि़त पक्ष ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच कर रहे हैं। लड़ाई की असल वजह अभी सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

