नई दिल्ली 13 Feb, (Rns) : अमेरिका में तीन साल पहले सड़क हादसे में जान गंवाने वाली 23 वर्षीय भारतीय छात्रा Jahnavi Kandula के परिवार पर एक और दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 29 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 262 करोड़ रुपये) के मुआवजे के समझौते की आधिकारिक घोषणा से ठीक दो दिन पहले उनके पिता Kandula Srikant का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
जानकारी के मुताबिक, 10 फरवरी को आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में श्रीकांत का निधन हुआ। उनका अंतिम संस्कार अडोनी में किया गया। परिवार इस दोहरी त्रासदी से गहरे सदमे में है और फिलहाल मुआवजे की राशि पर सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है।
गौरतलब है कि 23 जनवरी 2023 को सिएटल में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार पुलिस वाहन की टक्कर से जाह्नवी की मौत हो गई थी। संबंधित अधिकारी आपातकालीन कॉल का जवाब दे रहा था। उस समय जाह्नवी Northeastern University के सिएटल कैंपस में सूचना प्रणाली में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रही थीं।
यह मामला भारत और अमेरिका दोनों देशों में चर्चा का विषय बना रहा। अब मुआवजे की घोषणा से पहले पिता के निधन ने परिवार के लिए इस दुखद अध्याय को और भी पीड़ादायक बना दिया है।

