रुड़की,13 फरवरी (आरएनएस)। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक में जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। बैठक में विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों की नियुक्ति करते हुए संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि संगठन के विस्तार का उद्देश्य व्यापारियों को आ रही समस्याओं के समाधान कराने के लिए किया गया है। नए पदाधिकारी पूरी निष्ठा के साथ व्यापारियों के हितों की आवाज उठाएंगे और प्रशासन व व्यापारियों के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेंगे। जिला महामंत्री विभोर अग्रवाल ने जिला अध्यक्ष की संस्तुति पर कार्यकारिणी विस्तार की घोषणा करते हुए विराट गोयल को जिला उपाध्यक्ष और प्रदीप अग्रवाल को जिला मंत्री नियुक्त किया। भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र से अमित चौहान को कार्यवाहक नगर अध्यक्ष और शौर्य दत्त शर्मा को कार्यवाहक महामंत्री बनाया गया। मोहनपुरा से प्रदीप सिंघल को कार्यवाहक नगर अध्यक्ष तथा गगन साहनी को कार्यवाहक नगर महामंत्री घोषित किया गया। ढंडेरा से तज्जमुल खान को कार्यवाहक नगर अध्यक्ष बनाया गया। बताया गया कि सभी कार्यवाहक नगर अध्यक्ष और महामंत्रियों का कार्यकाल छह माह का रहेगा। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद जोहर ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि व्यापारी समाज अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और संगठन का यह विस्तार व्यापारियों की एकजुटता को नई पहचान देगा। इस मौके पर प्रदेश संगठन मंत्री विश्वतोष सिंह, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद रस्तोगी आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

