अनुराग कश्यप की फिल्म कैनेडी आखिरकार अपनी डिजिटल स्ट्रीमिंग के लिए तैयार है। सनी लियोनी और राहुल भट्ट अभिनीत इस फिल्म का प्रीमियर 3 साल पहले कान फिल्म फेस्टिवल में किया गया था। यह फिल्म लंबे वक्त से सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तरस रही थी, अब इसे ओटीटी पर रिलीज किया जा रहा है। निर्माताओं ने कैनेडी का पहला आधिकारिक पोस्टर जारी किया है। साथ में रिलीज तारीख भी बताई है।
कैनेडी एक डार्क क्राइम-थ्रिलर फिल्म है जिसे केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से मंजूरी मिलने के बावजूद, अज्ञात कारणों से रिलीज का इंतजार करना पड़ रहा था। अब निर्माता इसे सीधेतौर पर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उतार रहे हैं। यह फिल्म 20 फरवरी को जी5 पर रिलीज होने के लिए तैयार है। इस खबर ने फैंस को उत्साहित कर दिया है। इसका निर्माण गुड बैड फिल्म्स द्वारा किया गया है जिसमें मोहित तकलकर, अभिलाष थपलियाल और मेघा बर्मन भी हैं।


















