सोनीपत 14 Feb, (Rns) : हरियाणा के सोनीपत में देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक रोहतक से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक सुरक्षित बच गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कार से शवों और घायलों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, सभी युवक रोहतक जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी थे और गांव भावड़ से समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान गोलू निवासी गांव घुसकानी, अकुश पुत्र जयपाल, दीपक और साहिल पुत्र सतबीर निवासी गांव खिडवाली के रूप में हुई है। चारों की उम्र करीब 25 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनमें गोलू विवाहित था, जबकि अन्य तीन युवक अविवाहित थे।
हादसे में अंकित पुत्र राजकिशन और सागर पुत्र दया किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, खानपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम उन पर लगातार नजर रखे हुए है। मोहित पुत्र अशोक (गांव खिडवाली) को मामूली चोटें आईं और वह सुरक्षित बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक एचआर-98 बी-9988 नंबर की काली स्कॉर्पियो में सवार थे। हादसा घडवाल से भावड़ रोड पर हुआ, जहां वाहन बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चारों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही गांव खिडवाली, घुसकानी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

