नोएडा ,14 फरवरी (आरएनएस)। प्रेम के पर्व वैलेंटाइन डे पर दिल्ली से सटे नोएडा से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सेक्टर-39 इलाके में एक बंद कार के अंदर एक लड़के और लड़की की खून से लथपथ लाश मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान हैं और लड़के के हाथ में एक पिस्टल भी बरामद हुई है। इस खौफनाक मंजर को देखकर पुलिस शुरुआती तौर पर यही आशंका जता रही है कि लड़के ने पहले लड़की को मौत के घाट उतारा और फिर उसी पिस्टल से खुद को भी गोली मार ली।
अंदर से लॉक थी कार, डिलीवरी बॉय ने दी पुलिस को सूचना
यह पूरी वारदात शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, कार के दरवाजे अंदर से पूरी तरह लॉक थे और अचानक कार के भीतर से एक जोरदार आवाज आई। वहां मौजूद एक डिलीवरी बॉय ने जब यह आवाज सुनी और कार के अंदर झांककर देखा, तो उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी कार के अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गई। लड़के के हाथ में पिस्टल मौजूद थी और उसके ठीक बगल वाली सीट पर लड़की का शव पड़ा हुआ था।
शुक्रवार शाम से ही लापता थे सुमित और रेखा
पुलिस ने मृतकों के पास से मिले पहचान पत्रों के जरिए उनकी शिनाख्त कर ली है। मृतक लड़के का नाम सुमित है, जो दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके का रहने वाला था। वहीं, मृतका की पहचान नोएडा के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र निवासी रेखा के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि दोनों शुक्रवार शाम से ही अपने-अपने घरों से लापता चल रहे थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों के परिजनों को इस दर्दनाक घटना की सूचना दे दी है और शवों को कब्जे में लेकर इस पूरे हत्याकांड की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

