जयपुर/चाकसू ,14 फरवरी (आरएनएस)। राजस्थान के जयपुर जिले के चाकसू क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में महिला सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जयपुर-टोंक रोड पर जगन्नाथ यूनिवर्सिटी के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। पुलिस के अनुसार, कार जयपुर से टोंक की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही चाकसू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी। थाना अधिकारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि मृतकों में एक महिला भी शामिल है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मृतकों की शिनाख्त और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए जयपुर-टोंक रोड पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु करवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि धमाके जैसी आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी जांच के बाद ही दुर्घटना के स्पष्ट कारण सामने आ पाएंगे।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

