धमतरी 14 Feb, (Rns) । जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में सुरक्षा बल के चार जवानों की जान चली गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
=खपरी बाईपास के पास हुआ हादसा=
यह घटना ग्राम खपरी बाईपास के पास हुई, जहां जवानों को लेकर आ रही एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
=कार में फंसे जवानों को गैस कटर से निकाला गया=
हादसे के बाद कार में सवार जवान बुरी तरह फंस गए थे। पुलिस और राहत टीम ने गैस कटर की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला।
=चार जवानों ने तोड़ा दम=
दुर्घटना में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल जवानों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक जवान की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
=जगदलपुर से लौट रहे थे जवान=
बताया जा रहा है कि सभी जवान 201 कोबरा बटालियन के थे और जगदलपुर से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
=पुलिस जांच जारी=
सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


















