देहरादून,14 फरवरी (आरएनएस)। बच्चों के लिए रचे जा रहे साहित्य को उन तक ले जाने के लिए कोना कक्षा का अभियान और धाद संस्था ने शनिवार को इंटर कॉलेज गुनियाल गांव में कहानी संकलन का विमोचन और संवाद का आयोजन किया। ‘कोना किताब काÓ प्रकाशन द्वारा प्रकाशित पुस्तक में उत्तराखंड के दस प्रतिष्ठित कथाकारों द्वारा बच्चों के लिए लिखी गयी कहानी संकलित की गयी हैं। आयोजन का विचार पक्ष रखते हुए कोना कक्षा का के मुख्य संयोजक गणेश चंद्र उनियाल ने कहा कि धाद संस्था ने अपने अभियान को देश दुनिया के श्रेष्ठ साहित्य को हरेक स्कूल के छात्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया है। स्थानीय संदर्भ देते हुए उत्तराखंड के कथाकारों द्वारा बच्चों के लिये लिखी कहानियों को एक संकलन में पिरोया है। किताब की संपादक डॉ. विद्या सिंह ने कहा कि ये कहानियां जीवन के अलग-अलग पक्ष को ध्यान में रख कर संकलित की गयी हैं। प्रबंध संपादक कल्पना बहुगुणा ने कहा ये कहानियां बच्चों की कल्पना शक्ति को प्रोत्साहित करेंगी। स्कूल के बच्चों ने कहानी की समीक्षा और पाठ किया। संकलन में सुरेन्द्र सेमल्टी, डॉ. आशा रावत, जीतेन्द्र शर्मा, जीतेन ठाकुर, बल्लभ डोभाल, देवेन्द्र मेवाड़ी, सुरेश उनियाल, शमा खान, डॉ. दिवा भट्ट की कहानियां शामिल हैं। संचालन कोना कक्षा का संयोजक आशा डोभाल ने किया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य सुनील जोशी, डॉ. जयवंती डिमरी, शिक्षक संजय उनियाल, डॉ. मनोरमा नौटियाल, राघवेंद्र वर्मा, जयंती उनियाल, साक्षी कुकरेती, कल्पत चौहान, रमणीता सिंह, अंजना चौहान, दीपमाला भारती, बबीता बहुगुणा, सोनल शर्मा, तन्मय ममगाईं, ममता डोभाल मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

