लखनऊ ,14 फरवरी (आरएनएस)। योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कैम्पियरगंज में बनने जा रहा प्रदेश का पहला वानिकी एवं उद्यान विज्ञान विश्वविद्यालय युवाओं के लिए रोजगार की गारंटी साबित होगा। इस विश्वविद्यालय से डिग्री और डिप्लोमा प्राप्त करने वाले नौजवानों के लिए देश और विदेश में रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही यह संस्थान अन्नदाता किसानों की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।मुख्यमंत्री शनिवार को जंगल कौडिय़ा ब्लॉक में पुनर्निर्मित बीडीओ कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कैम्पियरगंज स्थित गिद्धराज जटायु संरक्षण केंद्र का उल्लेख करते हुए कहा कि कृतज्ञता ज्ञापित करना भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। माता सीता के हरण के समय रावण का पहला प्रतिकार गिद्धराज जटायु ने किया था। आज रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से गिद्धों की संख्या में कमी आई है, ऐसे में उनके संरक्षण के लिए केंद्र की स्थापना की गई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण आज विश्व की बड़ी चुनौती है। वायु प्रदूषण से मानव स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास के साथ स्वच्छ पर्यावरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कैम्पियरगंज में बनने वाला वानिकी विश्वविद्यालय पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने, वनाच्छादन बढ़ाने और किसानों की आय संवर्धन में सहायक होगा।वर्ष 2017 के बाद प्रदेश और गोरखपुर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब नीयत साफ हो तो परिणाम स्वत: सामने आते हैं। गोरखपुर में खाद कारखाना पुन: संचालित हुआ, एम्स गोरखपुर स्वास्थ्य सेवाएं दे रहा है, बीआरडी मेडिकल कॉलेज उत्कृष्ट चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। पिपराइच चीनी मिल पुन: चालू हुई, धुरियापार में कम्प्रेस्ड बायो गैस प्लांट स्थापित हुआ और गीडा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां तेज हुई हैं।मुख्यमंत्री ने जंगल कौडिय़ा ब्लॉक के प्रत्येक गांव से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने यहां के गांवों की समस्याओं को निकट से देखा है और समाधान के लिए प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कालेसर-जंगल कौडिय़ा बाईपास बनने से आवागमन सुगम हुआ है तथा प्रमुख सड़कें फोरलेन में परिवर्तित की गई हैं। बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य हो रहा है। पूज्य ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की स्मृति में डिग्री कॉलेज की स्थापना, स्टेडियम निर्माण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाना विकास की सोच का परिणाम है।मुख्यमंत्री ने जंगल कौडिय़ा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय रामपति यादव को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया और उनके योगदान की चर्चा की। वर्तमान ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव द्वारा ब्लॉक निधि और विकसित भारत जीरामजी योजना के प्रभावी उपयोग की सराहना करते हुए कहा कि विकास निधि का सदुपयोग क्षेत्र की तस्वीर बदल सकता है।कैम्पियरगंज के विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एशिया की सबसे बड़ी फॉरेस्ट्री यूनिवर्सिटी कैम्पियरगंज में स्थापित की जाएगी, जिसका शिलान्यास शीघ्र किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश मत्स्य निगम के चेयरमैन रमाकांत निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने पुनर्निर्मित ब्लॉक परिसर का निरीक्षण किया, स्वर्गीय द्वारिका पांडेय शहीद स्मारक स्थल तथा स्वर्गीय रामपति यादव की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिसर में रुद्राक्ष का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

