– खुद उठानी पड़ रही सफाई की जिम्मेदारी
संदना/सीतापुर 3 मई (आरएनएस)। विकास खंड गोंदलामऊ की ग्राम पंचायत आमाघाट में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है। गांव की नालियां चोक पड़ी हैं, जल निकासी ठप हो चुकी है और जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को खुद ही नालियों की सफाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जबकि जिम्मेदार पूरी तरह अनजान बनें हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में तैनात सफाई कर्मचारी पिछले तीन महीने से न तो कूड़ा उठाने आए हैं और न ही नालियों की सफाई की है। शासन द्वारा गांवों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है, लेकिन यहां कर्मचारी मनमानी पर उतारू हैं। आरोप है कि सफाई कर्मी मोटी रकम लेकर भी काम नहीं कर रहे, जिससे व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई ळें नालियां जाम होने से गंदा पानी सड़कों और गलियों में फैल रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए लापरवाह सफाई कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

