लखनऊ 8 जुलाई (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 की प्रोविजनल उत्तरकुंजी जारी कर दी है। आयोग ने अभ्यर्थियों को उत्तरकुंजी का मिलान करने और किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 14 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया है।आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन 2 और 3 जुलाई को प्रतिदिन दो-दो पालियों में तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में सफलतापूर्वक कराया गया था। अब परीक्षा के मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी अभ्यर्थियों के अवलोकन के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।आयोग के अनुसार, अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लॉगिन लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर प्रोविजनल उत्तरकुंजी देख सकते हैं तथा अपने प्रश्नपत्र के उत्तरों का मिलान कर सकते हैं।आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अभ्यर्थी को प्रोविजनल उत्तरकुंजी में किसी प्रश्न या उत्तर को लेकर आपत्ति है, तो वह 14 जुलाई 2026 की रात्रि 12 बजे तक केवल ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। आपत्तियां दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया और दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। निर्धारित अवधि के बाद अथवा ईमेल, डाक या किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर उत्तरकुंजी का मिलान कर लें और यदि आवश्यक हो तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करें। आयोग द्वारा प्राप्त आपत्तियों के परीक्षण के बाद अंतिम उत्तरकुंजी जारी की जाएगी, जिसके आधार पर परीक्षा परिणाम तैयार किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

