पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई पुष्टि, पत्नी ने हत्यारों के विरूद्ध दर्ज कराया मुकदमा
पाटेश्वरी प्रसाद
बाराबंकी,14 फरवरी (आरएनएस)। जिले में सरेराह दिनदहाड़े अधिवक्ता शुएब किदवाई उर्फ बॉबी की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार उनके शरीर में 10 गोलियां लगी थीं। दो चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। बताया गया कि 13 फरवरी को वह लखनऊ से अपनी कार से लौट रहे थे। अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर असेनी मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां कार के शीशे को चीरते हुए उनके शरीर में जा लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर प्रवीण कुमार (आईजी अयोध्या), पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय और अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और पुलिस को घटनास्थल से कई खोखे बरामद हुए। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है। वहीं बॉबी की हत्या के मामले में उसकी पत्नी शाजिया ने बाराबंकी कोतवाली में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए बाराबंकी पुलिस ने खुलासे के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया है। खास बात यह है कि इस जांच में बाराबंकी के उन पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है जो पुराने जानकार हैं और इलाके के आपराधिक इतिहास की समझ रखते हैं। पुलिस के लिए फिलहाल यह सबसे बड़ी पहेली बनी हुई है कि बॉबी की हत्या क्यों और किसके इशारे पर की गई। जिसके हर पहलु की जांच पुलिस कर रही है। बता दें कि कोतवाली नगर के सिविल लाइन निवासी शुएब किदवाई उर्फ बॉबी वर्तमान में लखनऊ के महानगर एक्सटेंशन सेक्टर-सी में रह रहे थे। वह कई वर्षों से विधि व्यवसाय से जुड़े थे और लगभग प्रतिदिन कचहरी आते थे। उन पर दो हत्या और गैंगस्टर समेत छह मुकदमे दर्ज थे तथा वह कोतवाली नगर थाने के हिस्ट्रीशीटर भी बताए जाते हैं। शोएब किदवई बसपा सरकार में बंकी ब्लॉक से ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख भी रहे थे। शुक्रवार को वह लखनऊ से अपनी बलेनो कार से अकेले कचहरी के लिए निकले थे। हाईवे पर असेनी ओवरब्रिज से सर्विस लेन पर पहुंचते ही शूटरों ने कार को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रारंभिक जानकारी में चेहरे के दाहिने हिस्से, सीने के बाएं भाग, हाथ के अंगूठे और पैर में गोलियां लगीं। चेहरे पर लगी एक गोली गर्दन के ऊपर से पीछे निकल जाने की बात कही जा रही थी। मृतक की पहचान के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि हमले में एक बाइक पर हेलमेट लगाए दो शूटर और एक कार में सवार करीब छह बदमाश शामिल थे। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शूटरों की तलाश कर रही है।
बाक्स
कड़ी सुरक्षा में शोएब का किया गया सुपुर्द-ए-खाक
अधिवक्ता शोएब किदवई का शव कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को जिले के नवाबगंज तहसील में उनके पैतृक निवास ग्राम गदिया के निकट स्थित कदीमी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि इससे पहले शोएब किदवई के शहर के सिविल लाइन स्थित आवास से सुबह के समय जनाजा निकाला गया जिसमें उनके बड़े भाई और पुत्र समेत परिवार के सदस्य तथा समर्थक व बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल रहे। उनके छोटे भाई सुहैल किदवई जोकि लंदन में रहते हैं, वह दोपहर करीब 3 बजे बाराबंकी पहुंचे और जनाजे में शामिल हुए। जनाजे की नमाजों के बाद कदीमी कब्रिस्तान में किदवई का शव दफनाया गया। सबसे पहले, शोएब किदवई के पैतृक आवास के निकट मैदान में भी नमाज पढ़ी गई। बाद में भी नमाज अदा की गयी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

