मोदी ट्रंप ट्रेड डील के खिलाफ जिला मुख्यालय पर आम आदमी पार्टी का विस्फोटक प्रदर्शन
बाराबंकी,14 फरवरी (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुए कथित ट्रेड डील को देश की संप्रभुता, किसानों, छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों पर सीधा हमला बताते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर आम आदमी पार्टी ने जिला मुख्यालय पर एक साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने आरोप लगाया है कि यह समझौता भारतीय कृषि बाजार को अमेरिकी हितों के लिए खोलने, रूस से सस्ता तेल खरीद बंद कराने, व्यापारिक असमानता थोपने और देश के स्वाभिमान को गिरवी रखने की साजिश है, जिसे तत्काल रद्द किया जाना चाहिए। इस दौरान जिलाध्यक्ष जुगराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत का कृषि बाज़ार अमेरिकी किसानों के लिए खोलकर देश के किसानों के डेथ वारंट पर साइन किया है, इसको हम लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह ट्रेड डील नहीं, थ्रेट डील है। नई ट्रेड डील के तहत भारतीय उत्पादों पर अमेरिका 18 प्रतिशत टैक्स लगाएगा जबकि अमेरिकी कृषि उत्पादों को भारत में टैक्स फ्री एंट्री देकर देश के करोड़ों किसानों के साथ अन्याय किया गया है। जुगराज सिंह ने कहा कि सरकार ने रूस जैसे पुराने मित्र से सस्ता तेल खरीदने के बजाय अमेरिका और वेनेजुएला से 80,000 करोड़ महंगा तेल खरीदने का फैसला किया है। इस भारी खर्च का खामियाजा आम जनता को भुगतना होगा। उन्होंने कहा की अमेरिका के दबाव में भारत ने रूस से सस्ता तेल खरीदना बंद कर दिया, जिससे देश को 1,53,000 करोड़ की बचत हो रही थी। प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर नफीस अंसारी, चांद बाबू, अरविंद यादव, अफसाना बानो, नन्हेराम यादव, नफील खान, राजू शुक्ला, अजय कुमार वर्मा, रामू वर्मा, मनीष, सीताराम, इशरत, हंसराज गौतम, ओमकार, आफताब, असद अली, अनीस, ओमप्रकाश, सीता देवी, शर्मा देवी, विमला देवी, आदि दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

