पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह ने जातिवाद, मिलावटखोरी पर चिंता जताई
बाराबंकी,14 फरवरी (आरएनएस)। गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने तहसील सिरौली के दुल्हादेपुर स्थित श्रीराम जानकी मंदिर बजरंग व्यायामशाला में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में जातिवाद और बाजार में बढ़ती मिलावटखोरी पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने लोगों से सामाजिक एकजुटता बनाए रखने और जीवन में शुद्धता अपनाने का आह्वान किया। अपने संबोधन में पूर्व सांसद ने कहा कि देश में राजनीतिक स्तर पर जातिवादी संघर्ष चल रहा है। समाज लगातार जातियों और उप-जातियों में बंटता जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले कर्म के आधार पर चार वर्णों की व्यवस्था थी, लेकिन अब व्यक्तिगत लाभ के लिए नई उप-जातियां बनाई जा रही हैं। मंच पर उनके स्वागत के दौरान एक छोटे बच्चे ने उत्साहपूर्वक कहा, ‘दबदबा था, दबदबा है, दबदबा बना रहेगा।Ó इस पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिक्रिया दी। बृजभूषण सिंह ने बाजार में बढ़ती मिलावट पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज हर चीज में मिलावट हो रही है। उन्होंने लोगों से कम से कम एक देशी गाय पालने का आग्रह किया ताकि शुद्ध दूध की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने पनीर सहित अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। यह धार्मिक कार्यक्रम पहलवानी गुरु बाबा हरिशंकर दास की पुण्यतिथि पर बाबा बलराम दास द्वारा आयोजित किया गया था। बाबा बलराम दास ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता को मजबूत करते हैं और गरीबों को जोडऩे का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के छठे दिन वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह और वस्त्र वितरण किया गया। इसमें हजारों महिलाओं को साडिय़ां और पुरुषों को अंगवस्त्र भेंट किए गए। इसके बाद प्रसाद और भोजन का वितरण भी हुआ। पूर्व सांसद शनिवार को दोपहर करीब 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। हेलीपैड और मंच पर उनके समर्थकों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे, जिनमें हनुमंगढ़ी के महंत मनीराम दास भी शामिल थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

