संभावित दौरे से पहले तैयारियों को जायजा लेने पहुचे एडीएम न्यायिक, दिए निर्देश
सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी,14 फरवरी (आरएनएस)। अयोध्या मंडल के आयुक्त राजेश कुमार के 17 फरवरी को संभावित दौरे से पहले सिरौलीगौसपुर तहसील और विकास खंड में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) और जिला विकास अधिकारी ने विभिन्न कार्यालयों और परिसरों का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राजकुमार यादव ने शनिवार को उपजिलाधिकारी (ज्वाइंट मजिस्ट्रेट) तेजस के और तहसीलदार बालेन्दु भूषण के साथ तहसील का निरीक्षण किया। उन्होंने उपजिलाधिकारी न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, माल बाबू कार्यालय, आरके कार्यालय, अभिलेखागार, खतौनी काउंटर और आपूर्ति सहित समस्त कार्यालयों व तहसील परिसर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसी क्रम में, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार ने विकास खंड सिरौलीगौसपुर में अभिलेखों और भवनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष काशीप्रसाद द्विवेदी ने अपर जिलाधिकारी का ध्यान उपजिलाधिकारी कार्यालय में एसटी की नियुक्ति और तहसील परिसर में सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत की ओर आकर्षित किया। उन्होंने मौखिक रूप से इन मुद्दों को उठाया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार दिनेश कुमार पाण्डेय, नायब तहसीलदार अन्नू सिंह, खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार गुप्ता, सहायक विकास अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा, मोहम्मद फैसल, घनश्याम सिंह, अमित राज सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

