जौनपुर(आरएनएस ) । पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा शनिवार को रुहट्टा स्थित स्कूल में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिकों, छात्रों, शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने भाग लिया। शहीदों की याद में कैंडल जलाकर मौन रखा गया और सभी सदस्यों ने वृक्षारोपण कर अमर सपूतों को नमन किया। अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक संगठन के विधिक सलाहकार राजबहादुर पाल और सूबेदार मेजर बी. एन. दुबे ने वृक्षारोपण के साथ शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राजबहादुर पाल ने कहा कि सेना के सिपाही का बलिदान समाज पर एक ऋण है। उन्होंने पुलवामा के त्याग को आतंकवाद के विरुद्ध एकजुटता का प्रतीक बताया। भूतपूर्व सैनिक राजबहादुर पाल ने बच्चों के साथ अपने कारगिल युद्ध के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कैसे घायल होने के बावजूद उन्होंने युद्ध जारी रखा था। उन्होंने अपनी और अन्य सैनिकों की वीरगाथाएं सुनाकर बच्चों को देश के शौर्य और पराक्रम से अवगत कराया। प्राचार्य डॉ. शिप्रा सिंह ने कहा कि सैनिकों की बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक भारतीय को एक मजबूत और समृद्ध देश के लिए कार्य करने हेतु प्रेरित करता है। मेजर सूबेदार बी.एन. दुबे ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश उनके और उनके परिवारों के सर्वोच्च बलिदान के लिए हमेशा ऋणी रहेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

