० नमन हृदय रोग से पूर्ण रूप से स्वस्थ : माता-पिता ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
० जिला प्रशासन की पहल रंग लाई, हृदय रोग से जूझ रहे नमन की लौटी मुस्कान
रायपुर, 14 फरवरी (आरएनएस)। नमन अब मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ लुका-छुपी, क्रिकेट जैसे खेल खेल रहा है और शरारतें भी कर रहा है। उसकी किलकारियां और हंसी अब फिर से सुनाई दे रही हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब उसे किसी प्रकार की शारीरिक तकलीफ या सांस से जुड़ी कोई समस्या नहीं है। नमन पूर्ण रूप से स्वस्थ है और उसके माता-पिता विनोद एवं रोशनी के चेहरे पर अब चिंता का कोई भाव नहीं है। यह सब संभव हुआ है प्रोजेक्ट धड़कन के माध्यम से, जिसके अंतर्गत नमन के हृदय रोग का नि:शुल्क उपचार किया गया। यह प्रोजेक्ट विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में तथा कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की पहल और सत्य साईं हॉस्पिटल, नवा रायपुर के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। नमन पीएम आर.डी. तिवारी स्कूल में कक्षा चौथी का छात्र है और पढ़ाई में हमेशा से अच्छा रहा है। उसकी माता रोशनी बताती हैं कि नमन पढ़ाई में तो अच्छा था, लेकिन खेलते समय अक्सर हृदय में दर्द होने की शिकायत करता था। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य समझा, लेकिन एक दिन स्कूल से लौटने के बाद नमन ने बताया कि खेलते समय उसे सीने में तेज दर्द हुआ। इसके बाद परिवार चिंतित हो गया और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच के बाद विशेषज्ञों ने हृदय की विस्तृत जांच की सलाह दी। प्रोजेक्ट धड़कन की टीम ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर नमन को सत्य साईं हॉस्पिटल, नवा रायपुर ले जाकर जांच कराई। जांच रिपोर्ट में उसके हृदय में छेद होने की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रोजेक्ट धड़कन की टीम ने तत्परता से उपचार की प्रक्रिया शुरू की और जल्द ही ऑपरेशन की तिथि निर्धारित की गई। नमन को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। दो-तीन दिन बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और आज वह पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी रहा है। नमन के पिता विनोद कहते हैं कि जिला प्रशासन रायपुर का यह प्रोजेक्ट धड़कन, समाज के ऐसे बच्चों एवं परिजनों के लिए मददगार है जिन बच्चों को हार्ट के जन्मजात समस्या से गुजरना पड़ता हैं। मैं और मेरा पूरा परिवार इस संवेदनशील मदद के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति धन्यवाद देता हूं। जिले में अब तक प्रोजेक्ट धड़कन के तहत 64951 से अधिक बच्चों की स्क्रीनिंग की गई है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















