रायपुर, 14 फरवरी 2026 (आरएनएस) शहर में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच खमतराई पुलिस ने एक 18 वर्षीय युवक को प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन के निर्देश पर की गई पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरव्हीएसच कॉलोनी, छोटापारा इलाके में एक युवक नशीली दवाइयों की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही थाना खमतराई की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदेही युवक को पकड़ा,पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मयंक सोनी उर्फ मित (18 वर्ष), पिता बबलू सोनी, निवासी छोटापारा, खमतराई बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से प्रतिबंधित नशीली दवा नाइट्रोसन-10 (नाइट्राजेपाम टैबलेट आईपी) की कुल 74 गोलियां बरामद हुईं। जब्त गोलियों की कीमत लगभग 528 रुपये बताई जा रही है,पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में नशीली दवाइयों की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



















