शाहिद कपूर और विशाल भारद्वाज ने नौ साल के बाद ओ रोमियो से बड़े पर्दे पर कमबैक किया है. ये जोड़ी इससे पहले कमीने, हैदर और रंगून जैसी शानदार फिल्में जे चुकी है. ऐसे में गैंगस्टर ड्रामा ओ रोमियो से भी काफी उम्मीदें हैं. ये फिल्म 13 फरवरी, शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई और इस फिल्म का शनाया कपूर और आदर्श गौरव की ‘तू या मैंÓ से क्लैश हुआ है. वहीं ओ रोमियो की बात करें तो इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ठीक शुरुआत की है. ऐसे में चलिए यहां जानते हैं ओ रोमियो ने रिलीज के पहले दिन कितने करोड़ से ओपनिंग की है?
ओ रोमियो के ट्रेलर को काफी पसंद किया गया था. फिल्म में शाहिद कपूर के अलावा तृप्ति डिमरी, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, विक्रांत मैसी, दिशा पाटनी, फरीदा जलाल और नाना पाटेकर जैसे कई दमदार कलाकारों की टोली है. जिसके चलते फिल्म को लेकर फैंस में पहले ही जबरदस्त एक्साइटमेंट थी. हालांकि विशाल भारद्वाज निर्देशित इस फिल्म का रिलीज से पहले कोई खास प्रमोशन नहीं किया गया जिसके चलते इसका बज कम ही था. लेकिन सिनेमाघरों में दस्तक देने के बाद फिल्म को क्रिटिक्स और ऑडियंस से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला है. इसी के साथ स्ट्रॉन्ग वर्ड ऑफ माउथ काम कर गया और इस फिल्म ने अच्छी ओपनिंग कर ली है.
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक ओ रोमियो ने रिलीज के पहले दिन 8.25 करोड़ की ओपनिंग की है.
बता दें कि शाहिद की आखिरी सबसे बड़ी ओपनर साल 2019 की कबीर सिंह थी. इसके बाद एक्टर की साल 2024 में आई तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया ने 7.02 करोड़ की ओपनिंग की थी. ऐसे मे अब शाबिद की फिल्म ने 8.25 करोड़ के कलेक्शन के साथ तगड़ी शुरुआत की है. इसी के साथ शाहिद को सात साल के बाद बड़ी ओपनिंग मिली है.
ओ रोमियो शाहिद कपूर की टॉप 10 ओपनर्स की लिस्ट में भी एंट्री कर चुकी है. ये एक्टर की छठी सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है. बता दें कि इसने शाहिद कपूर की तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया (7.02 करोड़), मौसम (6.75 करोड़), बत्ती गुल मीटर चालू (6.76 करोड़), हैदर (6.14 करोड़) और रंगून (6.07 करोड़) के ओपनिंग डे कलेक्शन को मात दे दी है.


















