0 अनुकम्पा नियुक्त लिपिकों की समस्याओं पर विचार -विमर्श
रायपुर, 15 फरवरी (आरएनएस)। अनुकम्पा नियुक्ति प्राप्त लिपिकों की समस्याओं पर विचार करने के लिए कल 14 फरवरी को यहाँ छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ रायपुर जिला इकाई की बैठक आयोजित की गई। संघ की जिला इकाई के अध्यक्ष जवाहर यादव ने आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि बैठक में प्रदेश भर के अनुकंपा नियुक्त अनेक लिपिक शामिल हुए. उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार -विमर्श किया गया । अनुकम्पा नियुक्ति प्राप्त लिपिकों की मुख्य समस्या वेतन वृद्धि प्रकरणों में कोष, लेखा एवं पेंशन द्वारा की जा रही वसूली और वर्ष 2024 से शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन परिषद द्वारा उनके लिए ली जाने वाली कौशल परीक्षा के बारे में बैठक में चर्चा की गई।
यादव ने बताया कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से जारी होने वाले अनुकंपा नियुक्ति आदेशों में काफी भिन्नता रहती है.एक ही नियोक्ता के छह महीने के भीतर ही प्रसारित अनुकंपा नियुक्ति आदेशों में भिन्नता के कारण वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट ) लगाने पर अधिक भुगतान मानकर कोष लेखा एंव पेंशन द्वारा उसकी वसूली की जा रही है. बैठक में आए अनुकम्पा नियुक्त लिपिकों का कहना था कि ऐसे प्रकरणों में लोकहित में सहानूभूति पूर्वक विचार करने और वसूली प्रक्रिया को शिथिल करने की मांग सरकार से की जानी चाहिए।
बैठक में यह भी बताया गया कि कई विभागों के द्वारा नियुक्ति आदेश प्रसारित करने के बाद भी समय पर कौशल परीक्षा का आयोजन नहीं किया जाता,इसके फलस्वरूप संबंधित कर्मचारी आर्थिक लाभ से वंचित रह जा रहे हैं राजपत्र में शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन परिषद द्वारा ही एक मात्र विकल्प घोषित करने का शासन द्वारा निर्णय लिया गया है, जिस पर सरकार से पुनर्विचार करने का आग्रह संघ की बैठक में किया गया ।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी बताया गया है कि शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन परिषद द्वारा ली जा रही परीक्षा के साथ – साथ पहले की तरह प्रत्येक नियोक्ता को भी यह अधिकार दिया जाए कि वह अपने द्वारा नियुक्ति किए गए कर्मचारियों के लिए समय समय पर कौशल परीक्षा आयोजित कर सके,ताकि अधिक से अधिक कर्मचारियों को वेतन वृद्धि का समय पर लाभ मिल सकें
बैठक में अमितेष तिवारी, राजकुमार साहू, विभोर चतुर्वेदी, निशा जायसवाल, हनी पांडेय, सोनू शर्मा, दीपक तिवारी, अभिषेक नेताम, लोकेश टेंभरे, रमाकान्त मरकाम, मनोजीत राय, गजेंद्र कुमार, राहुल साहू लोकनारायण सहित अनेक लिपिक मौजूद थे।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















